LPG सिलेंडर की झंझट होगी कम, टाटा स्टील के 17 प्रतिष्ठानों में सीधे पहुंचेगी PNG






जमशेदपुर : शहर को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में गेल (इंडिया) लिमिटेड और टाटा स्टील के बीच महत्वपूर्ण वाणिज्यिक समझौता हुआ है। इसके तहत टाटा स्टील के जमशेदपुर स्थित 17 प्रमुख प्रतिष्ठानों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सीधी और निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। इससे कैंटीन, मेस, गेस्ट हाउस, क्लब और अन्य संबंधित स्थानों में LPG सिलेंडर पर निर्भरता काफी कम होगी। समझौते पर गेल की ओर से महाप्रबंधक गौरी शंकर मिश्रा और टाटा स्टील की ओर से चीफ एलएंडडी एवं चीफ डायवर्सिटी ऑफिसर जया सिंह पांडा ने हस्ताक्षर किए।


गेल के महाप्रबंधक गौरी शंकर मिश्रा के अनुसार जमशेदपुर सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से जुड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है। गेल पूर्वी सिंहभूम में प्राकृतिक गैस नेटवर्क का विस्तार तेजी से कर रहा है। टाटा स्टील के 17 प्रतिष्ठानों में PNG सप्लाई शुरू होने से भारी सिलेंडरों की बुकिंग, ढुलाई और हैंडलिंग की जरूरत कम होगी तथा रसोई और मेस में गैस की सीधी आपूर्ति संभव हो सकेगी।
यह पहल औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है। प्राकृतिक गैस नेटवर्क के विस्तार से शहर में गैस आधारित ऊर्जा के उपयोग का दायरा बढ़ेगा और LPG सिलेंडरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।


