कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा रोजगार देने की पहल शुरू की है। रजिस्ट्रेशन एंड स्टांप रेवेन्यू निदेशालय की ओर से ग्रुप-डी श्रेणी के रिक्त पदों पर संविदा आधारित भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य खाली पदों को भरने के साथ अनुभवी लोगों को फिर से कार्य प्रणाली से जोड़ना है। कुल चार पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जो रिटायरमेंट से पहले पश्चिम बंगाल सरकार में ग्रुप-सी या ग्रुप-डी पदों पर कार्यरत थे। 1 जून 2026 तक आवेदकों की अधिकतम आयु 64 वर्ष 6 माह तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शुरुआत में 6 महीने के संविदा आधार पर होगी, जिसे जरूरत और प्रदर्शन के अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
विज्ञापन के अनुसार चयनित कर्मचारियों को हर महीने 8 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। उन्हें ग्रुप-डी कर्मचारियों से जुड़े सामान्य प्रशासनिक कार्य करने होंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 2 जून 2026 शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। योग्य उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।