अमरनाथ यात्रा पंजीकरण में गड़बड़ी का खुलासा, 4 शिक्षक निलंबित, FIR की तैयारी



श्रीनगर : अमरनाथ यात्रा के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद गांदरबल प्रशासन ने चार शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मनीगाम ट्रांजिट कैंप के नोडल अधिकारी की सिफारिश पर की गई। अधिकारियों के अनुसार, एक शिक्षक के नाम से तैयार शुल्क पंजीकरण फॉर्म में दर्ज प्रविष्टियों और वास्तविक पंजीकरण की संख्या में अंतर पाया गया, जिसके बाद मामला जांच के दायरे में आया।निलंबित शिक्षकों की पहचान बिलाल अहमद शेख, आबिद मोहिउद्दीन भट, पीर मुदासिर और गौहर राशिद कुल्लू के रूप में हुई है। प्रशासन का कहना है कि घटना वाले दिन अन्य तीन शिक्षक भी पंजीकरण केंद्र पर मौजूद थे, इसलिए उनकी भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है और विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल अधिकृत केंद्रों के माध्यम से ही पंजीकरण कराने तथा दलालों या अनधिकृत व्यक्तियों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।




