आद्रा मंडल में रेल कार्यों से कई ट्रेनें प्रभावित, मेमू सेवा आंशिक रद्द

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में अधोसंरचना विकास और संरक्षा संबंधी कार्यों के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रोलिंग ब्लॉक के चलते बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस 29 और 31 अक्टूबर को 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित कर चलाई जाएगी। वहीं, टाटानगर-आसनसोल-बड़ाभूम मेमू का परिचालन भी इन तारीखों पर आंशिक रूप से रद्द रहेगा।


ट्रेन संख्या 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बड़ाभूम मेमू 29 और 31 अक्टूबर को टाटानगर से केवल आद्रा स्टेशन तक चलेगी। आद्रा और आसनसोल के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस 31 अक्टूबर तक हटिया से निर्धारित समय से 120 मिनट यानी दो घंटे की देरी से रवाना होगी। ट्रेन संख्या 18035 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस 29 अक्टूबर को खड़गपुर से 60 मिनट की देरी से खुलेगी।
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति और संशोधित समय की जानकारी लेने की सलाह दी है।


