कोल्हान विश्वविद्यालय के चार NSS स्वयंसेवकों का राष्ट्रीय साहसिक शिविर के लिए चयन

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के चार स्वयंसेवकों का चयन हिमाचल प्रदेश के हटकोटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय साहसिक शिविर के लिए किया गया है। यह शिविर 11 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा।


चयनित स्वयंसेवकों में श्रवण गागराई, अंजलि पूर्ति, संजना बानरा एवं रसिका सिंकू शामिल हैं। क्षेत्रीय निदेशालय, NSS, पटना द्वारा जारी पत्र के अनुसार, झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम पदाधिकारियों का चयन किया गया है।
इस उपलब्धि पर कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने सभी चयनित स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा नए अनुभवों और कौशल को सीखने की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय शिविर युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय की NSS कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती जया जैकलीन तिर्की, श्री कंचन कच्छप तथा NSS निदेशक डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने भी चयनित स्वयंसेवकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शिविर स्वयंसेवकों के लिए साहसिक गतिविधियों में भाग लेने, विभिन्न राज्यों के युवाओं से संवाद करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से शिविर के दौरान पूरी निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लेने तथा वहाँ से प्राप्त अनुभवों को विश्वविद्यालय एवं समाज के अन्य युवाओं के साथ साझा करने की अपील की।
झारखंड राज्य के चयनित दल के साथ नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. संगीता कुजुर् रहेंगी।
कोल्हान विश्वविद्यालय परिवार ने सभी चयनित स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे शिविर में बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगे।


