कुसुम विहार के पास किशोर का शव मिला, हत्या की आशंका

धनबाद : सरायढेला के कुसुम विहार के पास सोमवार सुबह 16 वर्षीय किशन बांसफोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशन गोल्फ ग्राउंड के पास रहता था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। घटना में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एसएनएमएमसीएच ले गई। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान किशन बांसफोर के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।


पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशन अपने घर से कुसुम विहार कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


