10वीं मंजिल से गिरकर टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन के फेज-7 में सोमवार सुबह टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व अधिकारी संदीप पाल (62) की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। बताया गया कि सुबह करीब 5 बजे वह बिना किसी को कुछ बताए फ्लैट की छत पर गए और वहां से कूद गए। नीचे गिरने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोग उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।


पुलिस के अनुसार, संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। करीब 15 दिन पहले वह अपनी बेटी का मुंबई के एक कॉलेज में दाखिला कराकर लौटे थे। परिजनों के अनुसार, इसके बाद से वह मुंबई के रहन-सहन और माहौल को लेकर बेटी की सुरक्षा और स्थिति को लेकर काफी चिंतित थे। शंकर हेंब्रम ने भी बताया कि बेटी को मुंबई छोड़कर आने के बाद संदीप पाल काफी परेशान रहने लगे थे।बिरसानगर थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


