युवा कारोबारी निशार सल्लोकी हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह रायब को जेल, सरायकेला सदर अस्पताल की भूमिका पर जांच

जमशेदपुर : युवा कारोबारी निशार सल्लोकी की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह रायब को एमजीएम अस्पताल से सीधे सरायकेला जेल भेज दिया गया है। अशोक सिंह रायब 12 सितंबर से सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था। सदर अस्पताल से उसकी मेडिकल बोर्ड से जांच कराने के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन एमजीएम में जांच के बाद डॉक्टरों ने पाया कि उसे अस्पताल में भर्ती रखने की जरूरत नहीं है। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।


इस मामले में अब सरायकेला सदर अस्पताल के डॉक्टरों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। सवाल उठाया जा रहा है कि जब एमजीएम अस्पताल ने उसे भर्ती रखने की जरूरत नहीं मानी, तो सरायकेला सदर अस्पताल में उसे इतने दिनों तक किस आधार पर रखा गया। इस बात की भी जांच होगी कि उसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराने और बाद में एमजीएम रेफर करने की प्रक्रिया में क्या हुआ।
खबर के अनुसार, अशोक सिंह रायब की जेल में मुलाकात की अवधि भी दो दिनों तक रोक दी गई है। वह फिलहाल जेल में रहेगा और उसके स्वास्थ्य व मेडिकल प्रक्रिया से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी। प्रशासन यह भी देखेगा कि कहीं अस्पताल में भर्ती रखने की व्यवस्था का गलत फायदा तो नहीं उठाया गया।


