₹734 करोड़ के जीएसटी घोटाले में ईडी की जांच तेज, 54.33 करोड़ की फर्जी इनवॉयस कमाई का दावा
Oplus_16908288

जमशेदपुर : झारखंड में जीएसटी के 734 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले के आरोपी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उसके बेटे राज जायसवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। ईडी की कार्रवाई के बाद कई जानकारियां सामने आई हैं। अब तक की जांच में दावा किया गया है कि पिता-पुत्र ने मिलकर करीब 54.33 करोड़ रुपये फर्जी इनवॉयस के जरिए कमाए। ईडी अब ऐसी संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई कर रही है, जिनके बारे में आशंका है कि उन्हें इसी रकम से खरीदा गया।


खबर के अनुसार, ईडी ने मां शारदा एडवर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स मेकर्स कार्टिंग प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स केदारनाथ ट्रेडिंग लिमिटेड और जय भोले इंटरप्राइजेज नामक कंपनियों से हुई आमदनी और निवेश से जुड़ी जानकारी जुटाई है। बिष्टुपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में जमीन व प्लांट के अलावा दूसरी संपत्तियों को भी अटैच करने की प्रक्रिया चल रही है। कोलकाता में भी कई संपत्तियों की जानकारी मिलने की बात सामने आई है।
छापेमारी के दौरान एक दर्जन से अधिक बैंक खातों को फ्रीज किया गया है। खबर में दावा किया गया है कि इनमें से कई खाते हाल में खोले गए थे और उनमें लाखों-करोड़ों रुपये के लेनदेन हुए। ईडी इन बैंक खातों, कंपनियों और संपत्तियों के बीच लेनदेन की कड़ी की जांच कर रही है।


