खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में 35 किलो मिलावटी और एक्सपायरी सामग्री नष्ट, 16 नमूने जांच के लिए भेजे

जमशेदपुर : त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। साकची, बिष्टुपुर, मानगो, घाटशिला और चाकुलिया में होटल, रेस्टोरेंट तथा मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान लगभग 35 किलोग्राम मिलावटी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई गई। विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से 16 नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित कुंदरू होटल से 9 किलोग्राम नकली छेना और गोपाल स्वीट्स से 5 किलोग्राम नकली खोआ जब्त कर नष्ट किया गया। इसके अलावा मां तारा होटल और भोज रेस्टोरेंट की भी जांच की गई।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में साफ-सफाई, तेल और मसालों की गुणवत्ता तथा खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था की जांच की। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाने-पीने की सामग्री ढककर रखने और भोजन तैयार करने तथा परोसने के दौरान ग्लव्स एवं हेड कवर का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, एकत्र किए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, मुन्ना कुमार, राजहंस कुमार, अविनाश किस्कू और मासूम अंसारी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे।


