दुर्गापूजा पर अस्पतालों में हाई अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा और अतिरिक्त बेड की व्यवस्था

जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। एमजीएम अस्पताल और खासमहल स्थित सदर अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने पत्र जारी कर 17 से 21 अक्टूबर तक इमरजेंसी विभाग को हाई अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया है। इस दौरान डॉक्टरों, जूनियर डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर ड्यूटी में उपस्थित रहने और पूरी सतर्कता से काम करने को कहा गया है। ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए सर्जरी और हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्षों को सेंट्रल इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सदर अस्पताल और जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। अस्पतालों में इमरजेंसी वार्ड के अलावा अतिरिक्त बेड तैयार रखने तथा जीवनरक्षक दवाएं, एंटी-वेनम और आवश्यक सर्जिकल सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन स्थिति में आम नागरिकों के लिए संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। एमजीएम अस्पताल में चिकित्सा सहायता के लिए 0657-2980055, 2222110, 2423215 और 2432138 पर संपर्क किया जा सकता है। सदर अस्पताल का हेल्पलाइन नंबर 8986886430 है। इसके अलावा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता ली जा सकती है।


