ओणम उत्सव में सजी फूलों की रंगोली, पारंपरिक व्यंजनों का लोगों ने लिया आनंद



जमशेदपुर : केरल समाजम की ओर से ओणम पर्व उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को ओणम की शुभकामनाएं दीं। संस्था के पदाधिकारियों ने शहरवासियों के सुख, समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और पारिवारिक खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि ओणम प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है तथा भगवान महाबली के स्वागत की परंपरा की याद दिलाता है।


उत्सव के दौरान पारंपरिक ओणसद्या का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने मिलकर पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। ओणम समारोह के तहत पूकलम मत्सरम यानी फूल सजावट प्रतियोगिता भी हुई। प्रतिभागियों ने अलग-अलग रंगों और फूलों से आकर्षक पूकलम तैयार किए, जिनमें उनकी रचनात्मकता और पारंपरिक कला की झलक देखने को मिली।
केरल समाजम के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य पर्व मनाने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत करते हैं। इस अवसर पर सभी ने शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


