थाना विवाद में विधायक जयराम महतो ने मांगी अग्रिम जमानत, 31 अगस्त को सुनवाई संभव

धनबाद : डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच हुए विवाद का मामला अदालत पहुंच गया है। विधायक ने धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया है। उनके साथ आरोपी बनाए गए सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल ने भी अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। मामले की सुनवाई 31 अगस्त को होने की संभावना है।


विवाद की शुरुआत बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी की शिकायत से हुई थी। उन्होंने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता गणेश दास पर मुखिया के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। 21 अगस्त को पुलिस नोटिस देने गणेश दास के घर पहुंची, जहां दोनों पक्षों में विवाद के बाद उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के विरोध में अगले दिन विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थक थाना परिसर पहुंचे, जहां विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने विधायक, 10 नामजद आरोपियों और करीब 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज कीं।
विधायक ने थाना प्रभारी से हुई बातचीत का सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो छेड़छाड़ कर संपादित किए जाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच के लिए करीब 11 मिनट की पूरी रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं, झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग और अल्टीमेटम दिया है। अग्रिम जमानत के लिए अदालत का रुख किए जाने और पुलिस एसोसिएशन के विरोध के बाद मामला और तूल पकड़ता दिख रहा है।


