नाबालिग छात्रा से बदसलूकी मामले में 5 पकड़े गए, पुलिस कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में लगी गोली


जमुई : नाबालिग छात्रा से बदसलूकी से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक तीन नाबालिगों को पकड़ा है, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपित नंदन यादव और हरेराम यादव को मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के समीप नदी किनारे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान नंदन यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि भागने के प्रयास में हरेराम यादव भी घायल हो गया। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 21 सितंबर को नाबालिग छात्रा से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच टीम गठित की गयी थी। पुलिस के अनुसार, तीन नाबालिग आरोपितों से पूछताछ और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपितों का पता चला। मंगलवार को प्रतापपुर गांव के समीप पुलिस को देखकर भाग रहे हरेराम यादव को पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, हरेराम ने नंदन यादव के आसपास छिपे होने की जानकारी दी। एसपी के अनुसार, नंदन को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने एक राउंड फायरिंग की और गोली उसके दाहिने पैर में लगी।
एसपी के मुताबिक, छात्रा से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भी कार्रवाई की गयी है। पुलिस का कहना है कि रामाशीष चौधरी ने वीडियो वायरल किया था और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस वीडियो बनाने, प्रसारित करने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को नंदन यादव और हरेराम यादव के पूर्व में अवैध बालू एवं शराब कारोबार से जुड़े होने की जानकारी भी मिली है, हालांकि वर्तमान मामले में उनकी भूमिका और अन्य आरोपितों से संबंध की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।


