परिसीमन के बाद होंगे पंचायत चुनाव, जनप्रतिनिधियों से पूछा जाएगा 5 साल में कितना बढ़ा GDP


बिहार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ग्राम संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कराए जाएंगे। उनके मुताबिक, ग्राम पंचायतों के नए परिसीमन का काम राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से किया जा रहा है। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने भी कहा था कि त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा परिसीमन पूरा होने के बाद निर्वाचन आयोग करेगा। उन्होंने परिसीमन का काम अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी दी थी।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस बार जनप्रतिनिधियों से 5 सालों के GDP का हिसाब भी लिया जाएगा। सरकार जिला परिषद, प्रखंड, ग्राम पंचायत, प्रखंड प्रमुख और मुखिया से सवाल करेगी कि जिले के GDP में 5 सालों के दौरान कितनी बढ़ोतरी हुई। वहीं, दीपक प्रकाश ने पंचायत सरकार भवनों को मिनी सचिवालय की तरह विकसित करने की बात कही है, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही भवन में मिल सके और वहां जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित कर्मी भी मौजूद रहें।
ग्राम संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गरीबों पर कोई टैक्स नहीं लगाया जाएगा, लेकिन गांवों में चलने वाली व्यावसायिक गतिविधियों से पंचायतों को टैक्स वसूलना चाहिए। इनमें ईंट-भट्ठे, निजी स्कूल और मोबाइल टावर शामिल हैं।


