श्राद्ध में गांव गया परिवार, पीछे से घर में चोरी; 15 लाख के गहने और 2 लाख नकद गायब






जमशेदपुर :परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के गहने और करीब 2 लाख रुपये नकद चुरा लिए। घटना 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच की बताई गई है। सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घर की रहने वाली रिंकी कुमारी सिंह के अनुसार, 22 जुलाई को उनके पिता का निधन हुआ था, जिसके बाद उसी रात परिवार अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव सिवान चला गया था।


रविवार को परिवार छपरा-टाटा ट्रेन से टाटानगर पहुंचा और स्टेशन से घर गया। बाहर मेन गेट का ताला लगा था, लेकिन अंदर के कमरे का ताला टूटा मिला। दोनों कमरों में रखी अलमारियों को तोड़कर चोर गहने और करीब 2 लाख रुपये नकद ले गए। रिंकी कुमारी सिंह ने आशंका जताई कि चोरी में किसी जानकार व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


