वियतनाम में सड़क हादसे में मृत योग शिक्षक का पार्थिव शरीर भारत लाने की कोशिश तेज, संजय सेठ ने जयशंकर से मांगी मदद

रांची : वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले योग शिक्षक स्वर्गीय राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के प्रयास तेज कर दिये गये हैं। इस संबंध में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात कर मामले में सीधे सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजा कुमार वर्मा के निधन से परिवार गहरे सदमे में है और परिजन पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। संजय सेठ ने विदेश मंत्रालय के स्तर से जरूरी तालमेल कर प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।

संजय सेठ ने पार्थिव शरीर को वियतनाम से भारत लाने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई को सरल और जल्द पूरा कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में परिवार पहले से मानसिक पीड़ा से गुजर रहा होता है, इसलिए प्रशासनिक प्रक्रिया को यथासंभव सहज बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित स्तर पर जरूरी कार्रवाई और समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि पार्थिव शरीर की भारत वापसी में बेवजह देरी न हो।
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने मामले में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्रालय की ओर से जरूरी प्रक्रिया आगे बढ़ाने और संबंधित पक्षों के साथ तालमेल के प्रयास किये जा रहे हैं। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार कोशिश है कि राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार से पहले भारत पहुंच जाये। विदेश मंत्री के आश्वासन के बाद परिवार को पार्थिव शरीर की जल्द वापसी की उम्मीद है।


