जनसहयोग से जर्जर पुलिया की मरम्मत, स्थानीय लोगों को मिली राहत

जमशेदपुर : लुआबासा क्षेत्र की जर्जर पुलिया को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई थी। खराब स्थिति के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को लगातार परेशानी हो रही थी। इस समस्या को लेकर कई महीनों से विभिन्न मीडिया संस्थानों में खबरें प्रकाशित कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया, लेकिन ठोस पहल नहीं हो सकी। इसके बाद समाजसेवी बंटी सिंह और स्थानीय लोगों ने जनसहयोग से पुलिया की मरम्मत का काम कराया। मरम्मतीकरण में रेडीमिक्स कंक्रीट का इस्तेमाल किया गया, जिससे आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में काम हुआ है।


अप्पू तिवारी ने कहा कि पुलिया की जर्जर स्थिति को लेकर कई महीनों से मीडिया के माध्यम से आवाज उठायी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्या का समाधान करने के बजाय अधिकारी जनप्रतिनिधियों की सेवा-सत्कार में अधिक व्यस्त नजर आये। उन्होंने कहा कि आखिरकार समाजसेवी बंटी सिंह और स्थानीय लोगों ने आगे आकर जनहित में पुलिया की मरम्मत करायी। उनके मुताबिक, जनसरोकार से जुड़े कामों के लिए केवल पद और अधिकार नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति और सेवा भावना भी जरूरी है।
समाजसेवी बंटी सिंह ने कहा कि वह जनहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों को परेशानी में देखकर वह समस्या के समाधान के लिए आगे आने का प्रयास करते हैं। उनका उद्देश्य जनता के साथ मिलकर सेवा कार्य करना है और जनता के आशीर्वाद व सहयोग से ऐसे जनहित के काम आगे भी जारी रहेंगे। पुलिया की मरम्मत से स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


