जूनियर महिला एशिया कप में स्वर्ण जीतने वाली पार्वती टोपनो सम्मानित, परिवार को मिला आवास योजना का लाभ

गुमला : कामडारा प्रखंड की हॉकी खिलाड़ी पार्वती टोपनो ने जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। चीन के मोकी में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम की खिताबी जीत में पार्वती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उनकी उपलब्धि पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो और उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने समाहरणालय में पार्वती टोपनो तथा उनके माता-पिता सोमा टोपनो और जानो टोपनो को सम्मानित किया। इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार भी मौजूद थे। पार्वती के परिवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ भी दिया गया और उपायुक्त ने आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


25 नवंबर 2007 को जन्मी पार्वती टोपनो ने वर्ष 2017 में कामडारा डे-बोर्डिंग सेंटर से हॉकी का प्रशिक्षण शुरू किया था। वर्ष 2018 में वह बरियातू सेंटर से जुड़ीं और करीब छह वर्षों तक वहां प्रशिक्षण लिया। मार्च 2024 में उन्होंने मोराबादी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रवेश लिया, जबकि फरवरी 2025 से वह बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं।
पार्वती जूनियर महिला विश्व कप 2025 में भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जहां उन्होंने टीम की स्वर्ण पदक जीत में योगदान दिया।


