नागरिक सुविधाओं पर चर्चा तेज, टाटा स्टील UISL के MD को सौंपा गया ज्ञापन


जमशेदपुर : शहर की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शहर में पानी, नदी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।

प्रतिनिधिमंडल में झारखंड नागरिक सुविधा सह शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र नाथ चौबे, महासचिव राजीव नयन पांडेय, कोषाध्यक्ष एसएस मिश्र और रामेश्वर नाथ तिवारी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। उन्होंने शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया और इसमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर को बनाए रखने और उसे नौकायन योग्य बनाने के लिए चांडिल डैम से नियमित जल प्रवाह सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही बारीडीह (मोहरदा) क्षेत्र के पास एक वीयर (छोटा बांध) और बराज निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि जल प्रबंधन और शहरी उपयोग बेहतर हो सके।
प्रतिनिधियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर वे जल्द ही झारखंड सरकार के जल संसाधन मंत्री और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगे, जिसमें टाटा स्टील यूआईएसएल की भूमिका एक फैसिलिटेटर के रूप में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस बैठक को शहर की बुनियादी सुविधाओं के सुधार की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।


