खासमहल-गोविंदपुर सड़क जल्द पूरा करने की मांग, हस्ताक्षर अभियान में करीब 3500 लोगों का समर्थन

जमशेदपुर : खासमहल-गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग को लेकर भाजपा परसूडीह मंडल ने रविवार को जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान चलाया। चांदनी चौक, त्रिवेणी टावर चौक और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर आयोजित अभियान में करीब 3500 लोगों ने हस्ताक्षर कर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग का समर्थन किया।

भाजपा प्रदेश नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि करीब 18.40 करोड़ की लागत से बन रही यह सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। निर्माण लंबे समय से अधूरा रहने के कारण स्थानीय लोगों, व्यवसायियों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान को मिले समर्थन से स्पष्ट है कि जनता निर्माण में हो रही देरी से परेशान है। उन्होंने कहा कि सड़क का काम पूरा होने तक भाजपा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। अभियान में जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, पंचायत समिति सदस्य रुद्र मुंडा, विजय विश्वकर्मा, अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


