गणेश विसर्जन जुलूस में दो पक्षों के बीच झड़प, चापड़ से हमला और पथराव में तीन युवक घायल

जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ हुई। इस दौरान पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किया गया और जुलूस में शामिल डीजे वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में तीन युवक घायल हो गये।


काशीडीह लाइन नंबर-13 स्थित गणेश पूजा समिति की ओर से रविवार रात विसर्जन जुलूस निकाला गया था। जुलूस में युवक डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान लाइन नंबर-13 के युवकों का लाइन नंबर-1 के कुछ युवकों से विवाद हो गया और हाथापाई में एक युवक चोटिल हो गया। इसके बाद विवाद में शामिल एक युवक वहां से चला गया और कुछ देर बाद लाइन नंबर-1 से 10 से 15 युवकों की टोली को बुला लाया। आरोप है कि हथियार और लाठी-डंडों से लैस युवकों ने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला किया। मारपीट और पथराव के साथ डीजे वाहन में तोड़फोड़ की गयी और पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किया गया।
घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान एक युवक की स्थिति चिंताजनक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। टीएमएच में उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है। घटना की सूचना पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे युवकों को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीजे वाहन जब्त कर लिया। सिटी डीएसपी संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए क्षेत्र में क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कराया गया। सिटी डीएसपी के अनुसार, माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


