रांची में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला, रिश्तेदार आरोपी फरार

रांची : झारखंड के रांची जिले में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के एक रिश्तेदार ने उसे सुनसान जगह पर ले जाकर इस घटना को अंजाम दिया। तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल महतो के अनुसार, आरोपी का बच्ची के घर अक्सर आना-जाना था। सोमवार को उसने चावल लाने के बहाने बच्ची के पिता से दोपहिया वाहन लिया और बच्ची को भी अपने साथ ले गया। इसके बाद कथित तौर पर सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे घर छोड़ दिया।


घटना का खुलासा तब हुआ, जब बच्ची की मां ने उसके कपड़ों पर धूल लगी देखी और पूछताछ की। इसके बाद बच्ची ने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़िता की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची की चिकित्सीय जांच भी कराई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।


