दीपावली पर हवाई फायरिंग करना भाजयुमो मंडल महामंत्री को पड़ा भारी, पुलिस ने हिरासत में लिया

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दीपावली की शाम हवाई फायरिंग करने के आरोप में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पथरदेवा मंडल महामंत्री अभिषेक सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि उन्होंने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बघौचघाट पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल बंदूक और कारतूस का खोखा भी अपने कब्जे में ले लिया है।


पुलिस के अनुसार, अभिषेक सिंह ने फायरिंग का वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया था। वीडियो की जांच के बाद उनकी पहचान अभिषेक सिंह सेंगर, पिता स्वर्गीय कल्याण सिंह, निवासी आनंद नगर, थाना बघौचघाट के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान अभिषेक ने बताया कि रविवार को दीपावली की शाम उन्होंने अपने पिता की लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक में एक कारतूस डालकर हवाई फायरिंग की थी। जिस बंदूक का इस्तेमाल किया गया, उसका लाइसेंस उनके दिवंगत पिता कल्याण सिंह के नाम पर था। पिता के निधन के बाद भी लाइसेंस अभिषेक के नाम हस्तांतरित नहीं हुआ था।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बंदूक और कारतूस का खोखा जब्त किया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की फायरिंग से आसपास मौजूद लोगों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई के साथ हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।


