सिर्फ परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं, पूरी बहाली प्रक्रिया सुधारो; अस्पताल से देवेंद्र महतो की अपील






रांची : JPSC-JSSC छात्र आंदोलन के बीच सदर अस्पताल में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने वार्ता में शामिल छात्र प्रतिनिधियों से कहा है कि बातचीत केवल कुछ परीक्षाओं को रद्द कराने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पूरी बहाली प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली में स्थायी सुधार की मांग सरकार के सामने मजबूती से रखने की अपील की। महतो के अनुसार परीक्षा आयोजन से लेकर परिणाम जारी होने और नियुक्ति तक हर चरण में पारदर्शिता और जवाबदेही तय होनी चाहिए।


देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि केवल परीक्षा रद्द होने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। यदि पुरानी व्यवस्था जस की तस बनी रही तो भविष्य में भी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ सकते हैं। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों का हक सुरक्षित करने, सेटिंग-गेटिंग और अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ प्रश्नपत्र की सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की निगरानी, अभ्यर्थियों की पहचान, OMR और डिजिटल रिकॉर्ड की सुरक्षा तथा रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया में स्पष्ट जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।
अनशन के कारण अस्पताल में भर्ती देवेंद्र महतो ने कहा कि उनका मन अभी भी जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के साथ है। उन्होंने छात्रों से धैर्य बनाए रखने, एकजुट रहने और संघर्ष जारी रखने की अपील की। उनका कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य मौजूदा विवाद का समाधान भर नहीं, बल्कि ऐसी भरोसेमंद भर्ती व्यवस्था बनवाना होना चाहिए जिससे भविष्य में अभ्यर्थियों को बार-बार सड़क पर उतरने की जरूरत न पड़े।


