सनसुनिया गेट के पास हाईवा ने बाइक सवार को रौंदा, हालत गंभीर

जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सनसुनिया गेट के पास मंगलवार रात सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में हाईवा संख्या JH05CN0212 ने स्प्लेंडर बाइक संख्या JH05SI2392 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल बाइक चालक को सड़क से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। गंभीर हालत को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बाइक सवार युवक की नाम और पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हाईवा तथा बाइक की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें हाईवा चालक की क्या भूमिका रही, इसकी भी जांच की जा रही है।


