पुलिस को देख भागने लगी महिला, पर्स से मिली 5 लाख की ब्राउन शुगर; 20 हजार नकद भी बरामद

रांची : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास से 43 वर्षीय मुन्नी देवी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है। 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची पहुंच रही है, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई।


पुलिस टीम जुमार पुल बस स्टैंड पर निगरानी कर रही थी। दोपहर करीब 3:10 बजे एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर वह ऑटो से उतरकर भागने लगी, लेकिन महिला चौकीदार की मदद से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके काले पर्स में रखे प्लास्टिक पाउच से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने रांची के अलग-अलग चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है।
इस मामले में सदर (मेसरा) थाना में NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक मुन्नी देवी के खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान 20 हजार रुपये नकद और आई-टेल कंपनी का की-पैड मोबाइल भी जब्त किया गया। पुलिस अब नशीले पदार्थ के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


