गम्हरिया इंडेन प्लांट में बॉटलिंग ठप, जमशेदपुर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर असर

जमशेदपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र (आयडा) के लार्ज सेक्टर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आइओसी) के गम्हरिया इंडेन बॉटलिंग प्लांट में मजदूरों का आंदोलन जारी रहने से जमशेदपुर में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। प्लांट में पिछले दो दिनों से सिलेंडरों की बॉटलिंग पूरी तरह बंद है। इससे शहर में एक से दो दिनों का बैकलॉग होने की आशंका है। छंटनी और शिफ्ट कटौती के विरोध में कामगार सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी आंदोलन पर डटे रहे।


गम्हरिया प्लांट से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब 30 ट्रक गैस सिलेंडर भेजे जाते हैं। अकेले जमशेदपुर में रोजाना लगभग 9,000 इंडेन सिलेंडरों की खपत होती है। बॉटलिंग बंद होने से गैस एजेंसियों पर स्टॉक का दबाव बढ़ रहा है। संभावित किल्लत से निपटने के लिए इंडेन प्रबंधन ने बोकारो और खड़गपुर के बॉटलिंग प्लांट से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सिलेंडर मंगाने शुरू कर दिए हैं। प्रबंधन के अनुसार, एक-दो दिनों का बैकलॉग हो सकता है, लेकिन वैकल्पिक आपूर्ति से स्थिति नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, मजदूर सोमवार को भी प्लांट के गेट पर प्रदर्शन करते रहे। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि दो पालियों को बंद कर जनरल शिफ्ट के नाम पर छंटनी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, प्रबंधन का कहना है कि गैस की मांग कम होने के कारण फिलहाल जनरल शिफ्ट में काम कराया जा रहा है। श्रमिकों से बातचीत जारी है और एक-दो दिनों में आंदोलन समाप्त होने की संभावना है।


