सुवर्णरेखा नदी में नाव पलटी, तेज बहाव में दो युवक लापता; सर्च ऑपरेशन जारी

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में शुक्रवार देर रात सुवर्णरेखा नदी में नाव पलटने से दो युवक तेज बहाव में बह गये। लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के पास रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। दोनों की तलाश में शनिवार सुबह से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे की सूचना के बाद नदी तट पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और बिट्टू कुशल तैराक थे और अक्सर सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने जाते थे। शुक्रवार देर रात दोनों अपने साथी विक्की के साथ नाव से मछली पकड़ने गये थे। इसी दौरान नदी के बीच नाव का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गयी। हादसे के बाद विक्की किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि अमित और बिट्टू तेज बहाव में बह गये। स्थानीय युवकों ने नदी किनारे लुआबासा पुल तक दोनों की तलाश की, लेकिन घना अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण देर रात बचाव कार्य में परेशानी हुई। हादसे के बाद से दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बड़े पैमाने पर तलाश शुरू की गयी। एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की मदद लेने की तैयारी भी की गयी है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। फिलहाल नदी में दोनों युवकों की तलाश जारी है।


