अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने पर भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी का आरोप

घाटशिला : भाजपा नेता राहुल षाड़ंगी उर्फ ऋषि षाड़ंगी ने आरोप लगाया है कि अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गयी। जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि बीते 26 सितंबर की शाम वह अपने मामा के साथ जमशेदपुर के पीएम मॉल स्थित बरिस्ता कैफे गये थे। वहां राकेश महंती समेत कुछ लोगों से उनकी मुलाकात हुई। आरोप है कि एक युवक ने विधायक के खिलाफ लिखने की बात को लेकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद 10-15 लोग वहां जुट गये और उन्हें घेरकर अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने पर धमकी दी। राहुल षाड़ंगी ने जान से मारने और धारदार हथियार से हमला करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।


राहुल षाड़ंगी ने कहा कि उनके परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गयीं और घटना कैफे के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और आदित्य साहू को दी गयी, जिसके बाद बिष्टुपुर थाना में शिकायत की गयी। साथ ही बरसोल थाना में आवेदन देकर अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की गयी है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि उन्हें या उनके परिवार को किसी प्रकार का नुकसान होने पर नामजद लोगों को जिम्मेदार माना जाये।
भाजपा नेता परेश मुंडा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि विपक्ष का काम सरकार की कमियों को उजागर करना है और धमकी देना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी ब्रजेश सिंह, मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, सुभाष बनर्जी समेत अन्य लोग मौजूद थे।


