अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल, दोनों पैर क्षतिग्रस्त

जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बर्निंग घाट गोल चक्कर के पास गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक उत्तम कालिंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। घायल उत्तम को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


उत्तम मानगो के कुंवर बस्ती का रहने वाला है और बारीडीह में गैरेज मिस्त्री का काम करता है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को काम पर जाने से पहले वह छाया नगर स्थित अपनी मामी से मिलने गया था। वहां से बाइक से बारीडीह जाने के दौरान एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने ट्रेलर को घेर लिया। सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया।


