टाटा पिगमेंट्स में वेज रिवीजन समझौता, कर्मचारियों की सैलरी में 15 हजार तक बढ़ोतरी



जमशेदपुर : टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी टाटा पिगमेंट्स में सोमवार को वेज रिवीजन समझौता हुआ। कंपनी परिसर स्थित इंद्रधनुष भवन में मैनेजमेंट और यूनियन की बैठक के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता सात वर्षों के लिए है, जो 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत 95 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। कर्मचारियों के वेतन में प्रतिमाह अधिकतम 15 हजार रुपये और न्यूनतम 8600 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का एरियर सितंबर में कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दिया जाएगा।


इस वेज रिवीजन की खास बात यह है कि टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट यानी ग्रेड स्ट्रक्चर में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी के नए और पुराने ग्रेड के लिए एक साथ समझौता हुआ है। कर्मचारियों को 500 रुपये एनपीएस कैश एलाउंस के साथ परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवॉर्ड (पीएलआर) का लाभ भी मिलेगा। पीएलआर के तहत अधिकतम 550 रुपये मिलेंगे और अप्रैल 2027 में इस राशि में बढ़ोतरी की जाएगी।
कर्मचारियों के बोनस समझौते को लेकर भी मैनेजमेंट और यूनियन के बीच बातचीत जारी है। वेज रिवीजन समझौता पूरा होने के बाद अब अगले सप्ताह सोमवार को बोनस समझौता होने की संभावना है। समझौते पर मैनेजमेंट की ओर से टाटा पिगमेंट्स के प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी समेत संबंधित अधिकारियों और यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह समेत पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए।


