बाबूलाल मरांडी का कांग्रेस पर हमला, SIR विरोध को लेकर लगाए भ्रम फैलाने के आरोप

रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को स्थानीय सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और कांग्रेस के आंदोलनों पर सवाल उठाए। मरांडी ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस बहाने तलाश रही है और देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर कांग्रेस अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है।

बाबूलाल मरांडी ने दुर्गापूजा से छठ तक आंदोलन करने को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ये सनातन धर्म को मानने वाले लोगों के प्रमुख पर्व हैं और ऐसे समय में आंदोलन से लोगों की खुशियों में खलल पड़ सकता है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है, तो वे अल्पसंख्यक समुदाय के किसी पर्व के दौरान भी इसी तरह की रैली करके दिखाएं। SIR का बचाव करते हुए मरांडी ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों के बूथ एजेंट भी शामिल रहते हैं। उनके अनुसार, इस प्रक्रिया में स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर सूची को दुरुस्त किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग के समक्ष साक्ष्यों के साथ शिकायत करने के बजाय भ्रम फैलाने में लगी है।
मरांडी ने वर्ष 1975 में लागू आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, महापौर अरुणा शंकर, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, विपिन बिहारी सिंह, प्रभात भुइयां, शिवकुमार मिश्रा, अजय तिवारी, विजय ठाकुर, अजय सिंह, शुभम प्रसाद, अभिमन्यु तिवारी, सुनील पासवान, सतीश पासवान, जितेंद्र सिंह, रीना किशोर और सुजाता सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


