फातिमा जहरा की शहादत पर झारखंड का शिया समुदाय गम में डूबा, इमामबारगाहों में हुई मजलिस

जमशेदपुर : रसूल-ए-अकरम हजरत मोहम्मद मुस्तफा की इकलौती बेटी जनाब फातमा जहरा की शहादत की याद में शनिवार को जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में शिया समुदाय ने गम का इजहार किया। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, शनिवार को तीन जमादिउस्सानी की तारीख थी। मान्यता के अनुसार, 11 हिजरी में इसी दिन जनाब फातमा जहरा की शहादत हुई थी। इस मौके पर जमशेदपुर, रांची, पलामू के जपला-हुसैनाबाद और धनबाद के वासेपुर स्थित इमामबारगाहों में मजलिस आयोजित की गई। मजलिस के बाद नौहाखानी और मातम कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया। वहीं, महिलाओं ने घरों में भी मजलिस आयोजित की।


जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद नगर के हुसैनी मोहल्ले में शुक्रवार की रात विशेष मजलिस हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अजादार शामिल हुए। मौलाना जकी हैदर ने जनाब फातमा जहरा के जीवन, उनके किरदार और शहादत से जुड़े वाकयात बयान किये। उन्होंने बताया कि रसूल-ए-अकरम के दुनिया से रुखसत होने के बाद उनके घर पर हमला हुआ था। दरवाजे पर जोरदार प्रहार से जलता हुआ दरवाजा जनाब फातमा जहरा पर गिर पड़ा, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं। गंभीर जख्मों के कारण तीन जमादिउस्सानी को उनकी शहादत हुई। मसाएब सुनकर अजादार भावुक हो उठे। मजलिस के समापन पर ताबूत की जियारत करायी गई और रेहान ने पुरदर्द नौहा पढ़ा।
उलेमा ने अपनी तकरीर में हदीस का हवाला देते हुए बताया कि जनाब फातमा जहरा, इमाम हसन और इमाम हुसैन की वालिदा थीं। उन्होंने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद के उस कथन का उल्लेख किया, जिसमें फातमा को अपना अंश बताया गया है और उन्हें दुख पहुंचाने को स्वयं तथा अल्लाह को दुख पहुंचाने के समान बताया गया है। उलेमा के अनुसार, हुजूर मदीने से सफर पर जाते समय सबसे आखिर में अपनी बेटी से विदा लेते थे और लौटने पर सबसे पहले उन्हीं से मुलाकात करते थे। उनकी शहादत के बाद झेली गई तकलीफों को याद कर अजादारों ने गम का इजहार किया।


