आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर 12 हजार रुपये, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार और पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को 4 हजार रुपये की जगह 6 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की भी घोषणा की गई है। अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते नौ साल में सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों और कार्यकर्ताओं के काम को व्यवस्थित करने का प्रयास किया है। उन्होंने अयोध्या में हुए बदलाव और विकास का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि अब व्यवस्थाओं में सुधार किया गया है। उन्होंने अयोध्या में बिजली, सड़क और अन्य सुविधाओं के विकास की बात कही और बताया कि शहर सोलर सिटी के रूप में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने राम मंदिर और अयोध्या के विकास का विरोध किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब थी, जबकि अब विकास के साथ बिजली व्यवस्था में भी सुधार हुआ है और देश-दुनिया से लोग दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं।


