फ्लैट में लगी आग, महिला बच्चे के साथ सुरक्षित निकली; कोई हताहत नहीं

आसनसोल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित जेनेक्स एग्जॉटिका कॉम्प्लेक्स के टावर नंबर-5 की पहली मंजिल के एक फ्लैट में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग सचिन अंबांटा के फ्लैट में लगी थी। उस समय घर में उनकी पत्नी और बच्चा मौजूद थे। आग देखते ही सचिन की पत्नी ने सूझ-बूझ दिखाते हुए घर की बिजली और गैस का कनेक्शन बंद किया और बच्चे के साथ सुरक्षित बाहर निकल गईं। इसके बाद कॉम्प्लेक्स की मेंटेनेंस टीम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही दमकलकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कॉम्प्लेक्स की फायर-फाइटिंग टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। जेनेक्स एग्जॉटिका प्रबंधन समिति के पदाधिकारी पूर्णेंदु चौधरी के अनुसार शुरुआती तौर पर फ्रिज में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि फायर ब्रिगेड के प्रभारी रघुपति घोष ने कहा कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट, गैस या अन्य ज्वलनशील सामग्री भी हो सकती है और वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आग बुझाने के बाद तलाशी में किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की जानकारी नहीं मिली और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी सूचना मिलने पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग से संपर्क किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि मौके पर दमकल की पाइपलाइन में पानी का पर्याप्त दबाव नहीं मिल पाया, इसलिए कॉम्प्लेक्स की फायर-फाइटिंग व्यवस्था का भी इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस, दमकल विभाग और मेंटेनेंस टीम के संयुक्त प्रयास से स्थिति पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई।


