देर रात घरों के बाहर खड़ी कारों में तोड़फोड़ और आगजनी का आरोप, CCTV से आरोपियों की तलाश

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-6 में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने घरों के बाहर खड़ी तीन-चार कारों में तोड़फोड़ की और कुछ वाहनों में आग भी लगा दी। घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह घरों से बाहर निकलने पर वाहन क्षतिग्रस्त मिले और कुछ वाहनों में आग लगाए जाने के निशान भी पाए गए। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


स्थानीय लोगों ने पुलिस की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि डायल 100 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान बढ़ गया। बाद में बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। रिहायशी इलाके में घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाए जाने से नाराज लोगों ने आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


