निर्माण जारी रखने के लिए ₹5 लाख मांगने का आरोप, दो नामजद समेत करीब 12 अज्ञात पर केस

जमशेदपुर : घाघीडीह इलाके में अपनी जमीन पर निर्माण शुरू कराने पहुंचे सोनाराम बार्के ने काम रोकने और ₹5 लाख मांगने का आरोप लगाया है। परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह निवासी सोनाराम बार्के के अनुसार, घाघीडीह में उनकी जमीन है और वह वहां निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंचे थे। इसी दौरान छोटे सोरेन और रिचर्ड पूर्ति कथित तौर पर वहां पहुंचे और निर्माण जारी रखने के बदले ₹5 लाख की मांग की।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें कहा गया कि रकम दिए बिना जमीन पर निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। सोनाराम ने पुलिस को बताया कि इसी जमीन पर पहले निर्माण कराने के दौरान भी उनसे ₹5 लाख की कथित मांग की जा चुकी है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के आधार पर बागबेड़ा थाना पुलिस ने छोटे सोरेन और रिचर्ड पूर्ति को नामजद करते हुए करीब 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े लोगों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जमीन के वास्तविक मालिकाना हक की पुष्टि के लिए सोनाराम बार्के से कागजात मांगे गए हैं। दस्तावेजों, भूमि रिकॉर्ड और आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


