JSSC-CGL के बाद अब सिस्टम बदलने की तैयारी, देवेंद्र नाथ महतो ने बनाया ‘ब्लूप्रिंट’; सरकार को देंगे पूरा प्लान



रांची : JSSC-CGL समेत 14 परीक्षाएं रद्द होने के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है। उन्होंने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि 16 दिन का भूख हड़ताल समाप्त हुआ है, लेकिन आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ। अब अगला चरण JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और पेपर लीक-प्रूफ बनाने की मांग पर केंद्रित रहेगा।देवेंद्र महतो ने कहा कि केवल CBI या CID जांच से स्थायी समाधान नहीं निकलेगा, बल्कि भविष्य में पेपर लीक और भर्ती में अनियमितता रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनानी होगी। हालांकि उन्होंने अपने ब्लूप्रिंट के सभी बिंदु अभी सार्वजनिक नहीं किए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इसमें परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, निगरानी, प्रश्नपत्र की सुरक्षा और जवाबदेही जैसे पहलुओं पर सुधार का प्रस्ताव है। इसे राज्य सरकार के सामने रखा जाएगा।सरकार भी भर्ती परीक्षा प्रणाली में बदलाव की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षा सुधार के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में समिति बनाने की बात कही है। साथ ही वर्ष 2014 से अब तक की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच और JPSC से जुड़े मामलों की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराने की बात कही गई है।



