22 परीक्षाएं रद्द, 23 की CID जांच; JSSC CGL और JPSC 11वीं-13वीं पर भी गिरी गाज






रांची : झारखंड सरकार ने JSSC CGL (10/2023) समेत कुल 22 प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। इनमें JPSC की 21 परीक्षाएं शामिल हैं, जिनमें TDPL की पूर्ण या आंशिक संलिप्तता की बात सामने आई है। रद्द परीक्षाओं में JPSC की 11वीं-13वीं सिविल सेवा परीक्षा भी शामिल है, जिससे नियुक्त 342 अधिकारी वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं। इसके अलावा 64 CDPO, 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर और JSSC CGL से नियुक्त 1975 कर्मियों की नौकरियों पर भी संकट खड़ा हो गया है।


सरकार ने 23 अन्य परीक्षाओं की CID जांच कराने का भी आदेश दिया है। 18 अगस्त की देर रात कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी की। सरकार के अनुसार CID/SIT जांच में सामने आए तथ्यों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह फैसला लिया गया। साथ ही JPSC-JSSC में कथित अनियमितता और कदाचार से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का आग्रह झारखंड हाईकोर्ट से करने का निर्णय लिया गया है। दोनों आयोगों में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ भी बनाया जाएगा। रद्द की गई परीक्षाओं में फूड सेफ्टी ऑफिसर, CDPO, सिविल जज जूनियर डिविजन, सहायक वन संरक्षक, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर, कई सिविल सेवा परीक्षाएं और अन्य नियुक्ति परीक्षाएं शामिल हैं। वहीं जिन 23 परीक्षाओं की CID जांच होगी, उनमें पांचवीं सिविल सेवा, सिविल सेवा-2016, सिविल सेवा-2021, संयुक्त असिस्टेंट इंजीनियर, फूड एनालिस्ट, फैक्ट्री इंस्पेक्टर और अन्य परीक्षाएं शामिल हैं।


