खौलती चाय से हमला करने वाला आरोपी कोर्ट में सरेंडर, पीड़िता को अब भी इंसाफ का इंतजार


जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चर्चित ‘बजरंग चाय दुकान’ हमले के मामले में मुख्य आरोपी प्रेम कुमार ने आखिरकार कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, लेकिन बढ़ते दबाव और कानूनी कार्रवाई के डर से उसने जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में अपने वकीलों के माध्यम से सरेंडर किया।

यह घटना 6 अप्रैल की रात की है, जब कुछ युवकों ने चाय दुकान पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दुकान संचालिका मेहंदी कुमारी पर खौलती हुई चाय फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था।
पीड़िता के भाई अंकित कुमार द्वारा बिष्टुपुर थाने में अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, घटना के कई दिनों बाद भी पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने से लोगों में नाराजगी थी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।
अब आरोपी के सरेंडर के बाद मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है, लेकिन पीड़ित परिवार अब भी न्याय की मांग कर रहा है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रतीक्षा कर रहा है।


