100 नए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को मिलेगी सीबीएसई संबद्धता, पांच प्रमाण पत्र अनिवार्य

Advertisements

रांची : झारखंड के 100 नए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर आवश्यक प्रमाण पत्र जल्द जारी कराने का निर्देश दिया है। सीबीएसई संबद्धता के लिए विद्यालयों को पांच प्रमुख प्रमाण पत्रों की जरूरत होगी। इनमें भवन सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, सुरक्षित पेयजल एवं स्वास्थ्य-सफाई, जमीन के स्वामित्व या लीज से संबंधित प्रमाण पत्र और जहां लागू हो, वन विभाग की मंजूरी शामिल है। संबंधित विभागों को विद्यालयों का निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुसार प्रमाण पत्र जारी करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

विभाग ने विशेष रूप से विद्यालयों की जमीन के सीमांकन और स्वामित्व से जुड़े लंबित मामलों के समाधान पर जोर दिया है। कई विद्यालयों में जमीन के दस्तावेज और सीमांकन संबंधी समस्याओं के कारण संबद्धता प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए उपायुक्तों को अंचल अधिकारियों और राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निबटारा कराने का निर्देश दिया गया है। भवन निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा जरूरत के अनुसार वन विभाग को भी आवश्यक जांच और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।

प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। ये अधिकारी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ लंबित मामलों और प्रमाण पत्र जारी होने की स्थिति पर नजर रखेंगे। विभाग ने पूरी प्रक्रिया की साप्ताहिक समीक्षा करने का भी निर्देश दिया है। सरकार का उद्देश्य इन 100 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक मानकों के अनुरूप विकसित करना और सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर सीबीएसई संबद्धता सुनिश्चित करना है।

About The Author

You may have missed