दो-तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों का हंगामा, सोसाइटी के मुख्य गेट पर जड़ा ताला

जमशेदपुर : बिरसानगर स्थित आस्था ट्विन सिटी में मंगलवार को वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल थीं। इनमें सफाईकर्मी, इलेक्ट्रिशियन, सिक्योरिटी गार्ड और अन्य कर्मचारी शामिल थे। कर्मचारियों का आरोप है कि किसी को पिछले दो महीने से तो किसी को तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि प्रबंधन की ओर से लगातार वेतन भुगतान का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक बकाया राशि नहीं मिली है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बकाया वेतन को लेकर नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ देर के लिए सोसाइटी के मुख्य गेट पर ताला भी लगा दिया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कर्मचारियों ने प्रबंधन से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की।
मामले को लेकर सोसाइटी के फैसिलिटी मैनेजर विकास ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि बुधवार तक उनके वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित वेतन का भुगतान हो सकेगा।


