तीन फ्लाइओवर का टेंडर निबटा, अब तक नहीं मिला कार्यादेश; निर्माण शुरू होने में देरी

रांची : राजधानी में प्रस्तावित अरगोड़ा चौक-चापुटोली, हरमू और चिरौदी फ्लाइओवर के निर्माण के लिए चयनित कंपनियों को अब तक कार्यादेश जारी नहीं किया गया है। मामला करीब एक माह से लंबित है। सितंबर की शुरुआत में टेंडर का निबटारा कर कंपनियों को एल-वन के रूप में चुना गया था। इसके बाद स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड की ओर से रेट नेगोशिएशन किया जा रहा है। नेगोशिएशन की प्रक्रिया में तीन माह बीतने के बावजूद अब तक सहमति नहीं बन सकी है, जिससे निर्माण कार्य शुरू होने में और समय लग सकता है।

अरगोड़ा चौक पर चारों ओर राउंड एबाउट फ्लाइओवर बनाया जाना है। इसकी कुल लंबाई 3.804 किमी होगी और इसके लिए 223.14 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। यह हरमू रोड में काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज के पहले तक बनेगा। अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की ओर चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक भी इसका विस्तार होगा। वहीं, हरमू फ्लाइओवर सहजानंद चौक के पहले से शुरू होकर हरमू रोड से रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित जज कॉलोनी तक बनेगा। इसकी लंबाई करीब 3.5 किमी होगी और योजना के लिए 326.61 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ था।
करमटोली फ्लाइओवर का निर्माण साइंस सिटी चिरौदी तक किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 3.216 किमी होगी, जिसमें मुख्य फ्लाइओवर 2.7 किमी और मोरहाबादी के लिए 0.52 किमी का लिंक रोड होगा। इस लिंक रोड का इस्तेमाल मोरहाबादी मैदान और स्टेडियम की ओर से आने वाले लोग कर सकेंगे। परियोजना के लिए 351 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था।


