एमजीएम मेडिकल कॉलेज में 8 जूनियर छात्रों से कथित रैगिंग, 15 सीनियर छात्रों पर कार्रवाई की तैयारी

जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में 2026 बैच के नए एमबीबीएस छात्रों के साथ कथित रैगिंग और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 सीनियर छात्रों ने 8 जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की। दोषी पाए जाने पर छात्रों पर 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक जुर्माना लगाने के साथ परीक्षा से डिबार करने और छात्रावास से निष्कासित करने जैसी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि एसडीएम अर्णव मिश्रा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सीधे रैगिंग के बजाय छात्रों के साथ दुर्व्यवहार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे पीजी पुरुष छात्रावास में 2026 बैच के छात्रों के साथ सीनियर छात्रों द्वारा कथित रैगिंग, अभद्र भाषा और गाली-गलौज की गई। इसके बाद कई छात्र छात्रावास से बाहर निकल आए और हंगामा करने लगे। शनिवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने 2026 बैच के विद्यार्थियों के साथ 2024 और 2025 बैच के सीनियर छात्रों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
शनिवार शाम एसडीएम अर्णव मिश्रा ने करीब तीन घंटे तक मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों को भी दूर किया जाएगा।


