जरूरतमंद और मेधावी स्कूली बच्चों को 2 लाख 33 हजार 300 रुपये की मदद, 11 स्कूलों के विद्यार्थियों को मिले चेक

जमशेदपुर : मद्रासी सम्मेलनी ने शहर के जरूरतमंद और मेधावी स्कूली बच्चों की पढ़ाई में सहायता के लिए 2 लाख 33 हजार 300 रुपये की राशि वितरित की। बिष्टूपुर स्थित संस्था के सभागार में शुक्रवार को आयोजित 24वें पुस्तक अनुदान समारोह में शहर के 11 स्कूलों के बच्चों को सहायता राशि के चेक सौंपे गए। मुख्य अतिथि डीबीएमएस स्कूल के वित्त विभाग के अध्यक्ष डॉ. बी चंद्रशेखर ने बच्चों के बीच राशि का वितरण किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक लगातार मदद पहुंचाने के लिए मद्रासी सम्मेलनी के प्रयासों की सराहना की और अन्य संस्थाओं से भी आगे आने की बात कही।


समारोह में पांच प्रोजेक्ट स्कूलों बाल कल्याण विद्या मंदिर, डीबीएमएस लिलिपुट स्कूल, प्रेम ज्योति प्रांगण, ट्राइबल एजुकेशन मिशन और भारती विद्यालय को भी 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा कमजोर वर्ग के छह गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में कुल चार लाख आठ हजार 300 रुपये का वितरण किया गया।
मद्रासी सम्मेलनी की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने की परंपरा 1992-93 में संस्था के प्लेटिनम जुबली वर्ष से चली आ रही है। कार्यक्रम में अध्यक्ष जी शंकर, उपाध्यक्ष वी नटराजन, सचिव एस सुब्रमण्यम, कोषाध्यक्ष एआर गोपालन, सदस्य एमएसवी शिवा, एस शेषाद्री, अध्यक्ष एस रमेश, उपाध्यक्ष शिव कुमार, सचिव एन श्रीनिवासन, कोषाध्यक्ष के राघवन, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार, केवी गोविंद, एस श्रीनिवासन, समिति सदस्य और प्रबंधक जी रवि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


