टिनप्लेट गोलचक्कर पर तेज रफ्तार कार पलटी, दो लोग घायल

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट गोलचक्कर के पास सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार कार (डब्ल्यूबी02जेड-6252) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए टिनप्लेट अस्पताल भेजा गया। घायलों को हल्की चोट लगी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल नामदा बस्ती का रहने वाला है और टाटा कंपनी में ठेकेदारी करता है। वह साकची से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान टिनप्लेट गोलचक्कर के पास गाड़ी टर्न करते समय कार पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने पलटी कार को सीधा किया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


