टाटा मोटर्स में 16 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा, दूसरी कंपनियों में महाभोग और कूपन की तैयारी

जमशेदपुर : औद्योगिक प्रतिष्ठानों में विश्वकर्मा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष 17 सितंबर को अवकाश के कारण टाटा मोटर्स में 16 सितंबर को ही विभागवार पूजा होगी। प्लांट-1, प्लांट-2, प्लांट-3, सीटीआर, फाउंड्री, फोर्ज, वर्ल्ड ट्रक और फाइनल डिवीजन समेत सभी विभागों में प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। 17 सितंबर को जनरल ऑफिस गेट पर सामूहिक पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कर्मचारी सपरिवार इसमें शामिल हो सकेंगे और गेट पास के आधार पर सोनपापड़ी व लड्डू के पैकेट दिए जाएंगे।

टाटा कमिंस में 17 सितंबर को मुख्य द्वार पर पूजा होगी। यहां वर्ष 2011 से मिठाई बांटने के बजाय बैठाकर भोग खिलाने की परंपरा है। इस बार कर्मचारियों के साथ उनके माता-पिता, भाई-बहन और पूरे परिवार के लिए महाभोग की व्यवस्था की गई है। टीएसडीपीएल की बारा, डिमेट और सीआर तीनों यूनिटों में पूजा के बाद कैंटीन में विशेष भोग मिलेगा और कर्मचारियों को 225 रुपये का स्वीट कूपन दिया जाएगा। पूजा के दिन प्लांट में अवकाश रहेगा।
टिमकेन इंडिया में पूजा के साथ रक्तदान शिविर लगेगा। कर्मचारियों को मिलने वाले 200 रुपये के कूपन की राशि सीधे वेतन में जोड़ी जाएगी। काम से छूट रहेगी, लेकिन उपस्थिति के लिए पंचिंग करनी होगी। टाटा स्टील वायर डिवीजन में जनरल ऑफिस के पास केंद्रीकृत पूजा होगी और मर्जर के बाद से कूपन की व्यवस्था बंद है। टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड के सेंट्रल वर्कशॉप में मुख्य पूजा होगी और कर्मचारियों को प्रसाद के पैकेट दिए जाएंगे, जबकि कंपनी स्तर पर अलग से कूपन नहीं दिया जाएगा।


