परिचित से मिलने फ्लैट पहुंची 19 वर्षीय युवती, ऊपरी मंजिल से गिरने पर मौत



जमशेदपुर : आदित्यपुर के सतबहिनी स्थित हेवन कृष्णा सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार सुबह बहुमंजिला इमारत के ऊपरी तल्ले से गिरने से खुशबू कुमारी (19) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8 बजे से 8:30 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती अचानक ऊपर से नीचे गिरी। तेज आवाज सुनकर अपार्टमेंट और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वहां भीड़ जुट गई।


सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार करने के साथ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। सातबोहनी की रहने वाली खुशबू के परिजन घटना से सदमे में हैं। जानकारी के अनुसार खुशबू फ्लैट संख्या 515 में किसी परिचित से मिलने जाने की बात कहकर परिसर में दाखिल हुई थी। इसके बाद उसने ऊपर से छलांग लगा ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


