23 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, छह जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी






रांची : झारखंड में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के बाद फिलहाल कुछ राहत मिलने की संभावना है। मानसूनी चक्रवातीय हवा राज्य से आगे बढ़कर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी छत्तीसगढ़ की ओर चली गई है। इसके कारण रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना कम हुई है। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 22 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर 23 अगस्त को देखने को मिल सकता है।


23 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की या छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। मौसम का यह मिजाज 26 अगस्त तक बने रहने की संभावना है। गुरुवार को चाईबासा में 10 मिमी और बोकारो में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक जून से 20 अगस्त तक झारखंड में सामान्य 711.7 मिमी के मुकाबले 636.6 मिमी बारिश हुई है, यानी राज्य में कुल बारिश सामान्य से 11 प्रतिशत कम रही। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 45 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची और सिमडेगा में छह-छह प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में छह प्रतिशत, खूंटी में आठ प्रतिशत और लातेहार में दो प्रतिशत अधिक बारिश हुई। पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के बराबर रही।


